दुनिया का सबसे सुंदर चित्र

दुनिया का सबसे सुंदर चित्र

नवंबर 24, 2024 - 16:10
 0  8
दुनिया का सबसे सुंदर चित्र

बहुत पुरानी बात है एक चित्रकार दुनिया का सबसे सुंदर चित्र बनाना चाहता था । वह अपने गुरु के पास गया और उसने पूछा, "गुरुदेव! संसार की सबसे सुंदर वस्तु क्या है, कृपया बताने का कष्ट करें?"

 उसके गुरु मुस्कुराए और बोले संसार की सबसे सुंदर वस्तु है श्रद्धा। विश्व में इससे सुंदर कुछ भी नहीं। श्रद्धा के दर्शन तुम्हें प्रत्येक धर्मस्थल में हो सकते हैं। चित्रकार को इस उत्तर से पूर्ण संतुष्टि नहीं हुई। वह घर की ओर चल पड़ा । रास्ते में उसे एक नवविवाहिता मिली। चित्रकार ने उस स्त्री से पूछा," इस संसार की सबसे सुंदर वस्तु क्या है?" वह कुछ सोच कर बोली, "सबसे सुंदर प्रेम है। यदि प्रेम हो तो गरीबी अमीरी कोई अर्थ नहीं रखती। प्रेम ने ही दुनिया को जीने लायक बनाया है।"

 चित्रकार को कहीं न कहीं अभी भी असंतुष्टि थी। थोड़ा आगे चलने पर उसे सैनिक मिला। उसने उसके सामने भी अपना प्रश्न दोहराया। सैनिक ने उत्तर दिया, "सबसे सुंदर वस्तु है शांति। जब हम युद्ध में कई बार मृत्यु को सामने देखते हैं तो यह अनुमान लगा पाते हैं कि शांति कितनी सुंदर चीज है ? इसके आगे बाकी चीजें व्यर्थ हैं ।"चित्रकार श्रद्धा, प्रेम और शांति के बारे में सोचता हुआ घर की ओर चल पड़ा।

 वह सोच रहा था यह सारी चीजें कुछ कुछ ठीक लगती हैं लेकिन इनको एक चित्र में कैसे उतारूं? ऐसा क्या बनाया जाए कि तीनों चीजें एक साथ हों ? थोड़ी देर में घर पहुंच गया। उसकी पत्नी ने मुस्कुरा कर उसका स्वागत किया ।बच्चे दौड़ते हुए आए और उससे लिपट गये। अचानक चित्रकार को लगा वह जिस वस्तु को खोज रहा है वो तो उसके घर में ही है। उसके बच्चों की आंखों में श्रद्धा है पत्नी के नैनों से प्रेम की वर्षा हो रही है और उसका घर शांति का एक तीर्थ है जो किसी दिव्य स्थान से कम नहीं। 

चित्रकार ने तुरंत चित्र बनाना शुरू कर दिया उसने अपने घर की एक आकर्षक तस्वीर बनाई और अपने गुरु को ले जाकर दिखाई और पूछा, "मुझे तो यह तस्वीर सबसे सुंदर लग रही है। आपका क्या विचार है? उसके गुरु ने चित्र को ध्यान से देखा और सोच उत्तर दिया, "घर सचमुच ही  सुख- शांति प्रेम और श्रद्धा तीनों का मंदिर है। यही सर्वश्रेष्ठ चित्र है।"

आपकी क्या प्रतिक्रिया है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow